Showing posts with label वेब सीरिज. Show all posts
Showing posts with label वेब सीरिज. Show all posts

Tuesday, August 30, 2022

दिल्ली क्राइम सीजन 2: इच्छा-आकांक्षा में लिपटी हिंसा


पिछले दशकों में भारत में सामाजिक-आर्थिक स्तर पर काफी बदलाव देखने को मिला है. इसके साथ ही समाज में आर्थिक विषमता भी बढ़ी है. अर्थशास्त्री इस ओर इशारा करते रहे हैं कि जहाँ जिनके पास धन है वे और धनवान हुए हैं, जबकि गरीब और गरीब! इच्छा और आकांक्षा की पूर्ति के लिए संघर्ष के साथ-साथ हिंसा का हथियार भी समाज में लोगों के हिस्से आया. गरीबी में निहित असहायता और आक्रोश की तरफ पॉपुलर मीडिया का कम ही ध्यान जाता है. सवाल है कि क्या धनाढ्यों के ऊपर होने वाली हिंसा के पीछे समाज के हाशिए पर रहे लोग जिम्मेदार हैं? क्यों हमेशा शक की सुई उन पर जा टिकती है, जिसे ऐतिहासिक रूप से समाज में हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराया गया?

वेब सीरीज ‘दिल्ली क्राइम’ का दूसरा सीजन नेटफ्लिक्स पर इन दिनों स्ट्रीम हो रहा है, जो इन्हीं सवालों को अपने घेेरे में लेता है. वर्ष 2019 में रिची मेहता निर्देशित इस सीरीज के पहले सीजन की काफी चर्चा हुई थी. इसे ‘बेस्ट ड्रामा सीरीज’ में प्रतिष्ठित एमी पुरस्कार से नवाजा गया था. जाहिर है दूसरे सीजन को लेकर काफी अपेक्षा थी. यह सीजन पहले की तरह ही संवेदनशीलता के साथ, दिल्ली को केंद्र में रखते हुए, समाज में अपराध और पुलिस की कार्रवाई को हमारे सामने लाती है. तनुज चोपड़ा इस सीजन के निर्देशक हैं.

यह सीरीज हिंसा के प्रति हमारे समाज में जो स्टीरियोटाइप है, उस पर सवाल खड़े करती है. मीडिया भी यहाँ कटघरे में खड़ा दिखता है. साथ ही यह सीरीज समाज में व्याप्त हिंसा के तत्वों की पड़ताल भी करती है, हालांकि इसे विस्तार नहीं दिया गया है. पर बिना कुछ कहे सीरीज में जो फुटपाथ-गलियों के दृश्य हैं, वे सामाजिक विभेद को सामने लाने में सफल हैं.

जहाँ दिल्ली में वर्ष 2012 में चलती बस में हुए सामूहिक बलात्कार की घटना (निर्भया कांड) पर पहला सीजन आधारित था, वहीं दूसरे भाग में दक्षिणी दिल्ली के पॉश कॉलोनी में बूढ़ों के साथ होने वाली हिंसा को आधार बनाया गया है. 90 के दशक में भी दिल्ली में बुर्जुगों की नृशंस हत्या का मामला सामने आया था, जिसके पीछे ‘कच्छा-बनियान’ गैंग का हाथ था. हर एपिसोड में अपराध के लिए जो तौर तरीके अपनाए गए हैं वे एक जैसे हैं.

दिल्ली महानगर में कई नगर हैं. आप भले दशकों से इस शहर में रह रहे हो, पर जरूरी नहीं कि अपने वर्गीय-जातीय पूर्वग्रह को छोड़ कर, आस-पड़ोस से इतर दिल्ली को जानते हों. पाँच एपिसोड का यह सीरीज हिंसा, अपराधियों तक पुलिस के पहुंचने की कोशिश के साथ-साथ समाज में आर्थिक विभेद, अपराधियों के प्रति एक वर्ग के नजरिए को भी सामने लाता है. सीरीज के मुख्य कलाकार शेफाली शाह, रसिका दुग्गल,  आदिल हुसैन, राजेश तैलंग आदि की प्रमुख भूमिका इस सीरीज में भी है. तिलोत्तमा शोम के साथ कुछ और नए किरदार भी इसमें जुड़े हैं. चूँकि पहले सीजन में डीसीपी वर्तिका चतुर्वेदी (शेफाली शाह) और उनकी टीम से हम परिचित रहे हैं, इसलिए सीरीज बिना किसी भूमिका के शुरू होती है. संपादन काफी चुस्त रखा गया है. कैमरा दिल्ली की सड़कों, गलियों को यथार्थपूर्ण ढंग से फिल्माने में सफल है. हालांकि यह सीरीज भावनात्मक रूप से पहले सीरीज की तरह बांध कर नहीं रख पाती. यह भी सच है कि निर्भया कांड की भयावहता झकझोरने वाली थी! अपराधियों तक पुलिस की पहुँच की कहानी में एक नाटकीयता थी, दर्शकों के लिए एक तरह का ‘कैथारसिस (विरेचन)’ था. इस कारण पहले सीरीज से तुलना करने पर यह कमतर ठहरती है. हालांकि शेफाली शाह पहली सीरीज की तरह ही अपनी भूमिका में अत्यंत प्रभावी है. इस सीरीज में उनकी बेटी को परिवार से दूर रखा गया है.

कम संसाधनों के बीच पुलिस के ऊपर जो काम का दबाव है उसे नीति सिंह (रसिका दुग्गल) के पारिवारिक रिश्तों के माध्यम से दिखाया गया है. नीति सिंह अब शादी-शुदा है और वर्तिका की टीम का प्रमुख हिस्सा है पर अपने पेशे और परिवार के बीच तालमेल बिठाने की कोशिश में उसकी जिंदगी बिखर रही है. एक कश्मकश है यहाँ. इस सीरीज में पुलिस पर मीडिया और राजनीतिक दबाव को भी दिखाया गया है.

मुख्य किरदारों के साथ ही छोटी-छोटी भूमिकाओं में आए हर कलाकारों ने अपनी छाप छोड़ी है. तिलोत्तमा शोम अपनी अदाकारी के लिए खास तौर से उल्लेखनीय है. उसका भावहीन चेहरा नैतिक-अनैतिक के द्वंद से परे है. जो अपने सपने को पूरा करने के लिए किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार है.

(नेटवर्क 18 हिंदी)

Monday, December 21, 2020

नए साल में डिजिटल प्लेटफॉर्म से उम्मीदें

 


बॉलीवुड के लिए यह साल चतुर्दिक निराशा का रहा. बॉक्स ऑफिस पर मंदी छाई रही. अनेक कलाकारों की असामयिक मौत का सदमा रहा. ड्रग्स लेने के आरोपों की वजह से कई सितारे सुर्खियों में रहे. चारों तरफ फैली मायूसी के बीच जाहिर है नए साल से काफी उम्मीदें हैं.

केपीएमजी की एक रिपोर्ट के मुताबिक मौजूदा वित्त वर्ष में मीडिया और मनोरंजन उद्योग के कुल राजस्व में करीब बीस प्रतिशत की गिरावट की संभावना है. हालांकि 1.8 ट्रिलियन रुपए के इस उद्योग में प्रिंट, टेलीविजन और फिल्म उद्योग के मुकाबले डिजिटल और ऑन लाइन प्लेटफार्म में वृद्धि देखी गई है. टीकाकरण की वजह से कोरोना महामारी का भय भले ही नए साल में कम होगा, पर लोगों की कुछ आदतें जारी रहेंगी. इनमें डिजिटल मीडिया का उपभोग भी शामिल है.

नए साल में एक बड़ा दर्शक वर्ग सिनेमा हॉल के बरक्स डिजिटल प्लेटफार्म पर रिलीज होने वाली फिल्मों और वेब सीरिज की ओर नजरे टिकाए हुए मिलेंगे. उम्मीद की जानी चाहिए कि विविध विषयों की ओर निर्माता-निर्देशकों का ध्यान जाएगा. हालांकि वेब सीरिज से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं-निर्देशकों की चिंता के केंद्र में केंद्र सरकार की वह अधिसूचना रहेगी जिसके तहत ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल और ऑनलाइन कंटेंट प्रोग्राम को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत लाया गया है. देश में प्रिंट मीडिया के नियमन के लिए ‘प्रेस आयोग’ और समाचार चैनलों के लिए ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन’ और विज्ञापन के नियमन के लिए ‘एडवर्टाइजिंग स्टैंडर्ड्स काउंसिल ऑफ इंडिया’ है. इसी तरह  फिल्मों के लिए ‘सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन’ है, पर डिजिटल प्लेटफॉर्म के नियमन के लिए देश में कोई कानून या स्वायत्त संस्था नहीं है.  इस अधिसूचना की जद में नेटफ्लिक्स, हॉटस्टार, अमेजन प्राइम आदि आएँगे. नियमन का स्वरूप क्या होगा इस बारे में अभी स्पष्टता नहीं है.

पिछले दशक में ऑनलाइन मीडिया का अप्रत्याशित विस्तार देखा गया है. यह सच है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखाए गए कुछ वेब सीरीज में जिस तरह हिंसा का चित्रण या गाली गलौज का इस्तेमाल हुआ उसे लेकर नागरिक समाज और सामान्य दर्शकों में रोष है. सरकार ने भी सुप्रीम कोर्ट में ऑनलाइन माध्यमों के नियमन की जरूरत पर जोर दिया था. पर रचनात्मक स्वतंत्रता के लिए नियंत्रण या नियमन की कार्रवाई अवरोध ही साबित होंगे. पिछले कुछ वर्षों में जिस तरह से मीडिया और मनोरंजन उद्योग पर हमले हुए हैं इससे बहस-मुबाहिसा और रचनात्मकता का दायरा सिकुड़ा है. ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े लोग इसे सेंसरशिप की ओर बढ़ते कदम के रूप में देख रहे हैं.

पिछले महीने इन सबके बीच वर्ष 2019 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई रिची मेहता की वेब सीरीज ‘दिल्ली क्राइम’ को ‘बेस्ट ड्रामा सीरिज’ में प्रतिष्ठित एमी पुरस्कार से नवाजा गया. दिल्ली में वर्ष 2012 में चलती बस में हुए सामूहिक बलात्कार की घटना पर यह वेब सीरीज आधारित है. जघन्य अपराध के बाद संवेदनशीलता के साथ पुलिस की कार्रवाई को यह हमारे सामने लाती है. इस अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार से वेब सीरिज निर्माताओं-निर्देशकों की हौसला अफजाई हुई है. उम्मीद है कि नियमन/नियंत्रण की कोई कार्रवाई करने से पहले सरकार डिजिटल प्लेटफार्म की संभावना और सफलता को भी ध्यान में रखेगी.

(प्रभात खबर 20.12.2020)