Showing posts with label जर्मनी. Show all posts
Showing posts with label जर्मनी. Show all posts

Friday, June 28, 2013

नेकर के किनारे

धूप खूब खिली है. लोग नंगे बदन नेकर के तट पर लेटे धूप सेंक रहे हैं. कुछ विद्यार्थियों के हाथों में किताब और नोट बुक भी दिख जाती है.  वैसे नेकर का पानी गंदला है.  नदी पर बना पुल भी सेन या टेम्स पर बने पुल से कोई स्पर्धा करता नहीं दिखता. नेकर नदी और हाइडेलबर्ग को लेकर मेरे मन में एक छवि अल्लामा इकबाल की एक नज्म से जुड़ी हुई थी- एक शाम-दरियाए नेकर के किनारे.

हाइडेलबर्ग शहर की रौनक नेकर के दोनों तटों पर बसे विश्वविद्यालय से है.  शहर खुश मिजाज दिखता है.  इसमें एक ठहराव है और समय के साथ ना चलने की जिद्दी धुन भी. कोई बनावटीपन या दिखावा नहीं.  शहर का फैलाव भले ही कम हो पर सैलानियों की आवाजाही ज्यादा है. 

ऊँची पहाड़ियों पर बने कैसल के ऊपर पहुँचे तो मन में केदारनाथ सिंह की पंक्ति गूँजी- यहाँ से देखो!  करीने से सजे मकानों का सुर्ख रंग, पहाड़ी पर हरे-भरे पेड़ और बीच में बहती नेकर नदी. मानो शहर बुद्ध की ध्यान मग्न प्रतिमा में बदल गया हो.

सोचता हूँ, सात सौ साल पहले यह शहर और विश्वविद्यालय कैसा रहा होगा?  मन में नालंदा विश्वविद्यालय की छवि उभरती है. पुराने शहर के अंदरूनी हिस्से में हाइडेलबर्ग विश्वविद्यालय की पुरानी इमारत और एक संग्रहालय भी है. सन 1386 में स्थापित जर्मनी के सबसे पुराने इस विश्वविद्यालय ने इतिहास के कई थपेड़े झेले.  नाजी जर्मनी में अन्य विश्वविद्यालयों की तरह इसने भी हिटलर का समर्थन किया था. हालांकि विश्वयुद्ध के दौरान विध्वंस से यह बच गया था, पर उस दौर में पुस्तकालय की किताबों को लोग शहर से दूर गाँवों-कस्बों में ले गए, ताकि विध्वंस की हालत में उसे बचाया जा सके. यूरोप में और खास कर जर्मनी में युद्ध कालीन इतिहास की गाथा को सहेज कर रखा गया है ताकि आने वाली पीढ़ी उस सबक से कुछ सीख सके. हाइडेलबर्ग की यात्रा से पहले हम कोलोन स्थित 'नेशनल सोशिलिज्म म्यूजियम' गए थे, जो नाजी जर्मनी में गेस्टापो (खुफिया पुलिस) का मुख्यालय था. उन दीवारों पर उस दौर की ज्यादती और व्यथा का विवरण भले ही विचलित करता हो, पर मानवता के इतिहास के लिए इसे सहेजना जरुरी लगता है. 

बहरहाल, पुराने शहर की गलियों में भटकने के बाद हम अल्लामा इकबाल की रिहाइश की खोज में निकले. उन्होंने हाइडेलबर्ग विश्वविद्यालय से दर्शन, साहित्य और जर्मन भाषा की पढ़ाई की और बाद में म्यूनिख से पीएचडी की थी.  उनकी स्मृतियों को सुरक्षित रखते हुए नेकर के तट पर एक मार्ग का नाम- 'इकबाल उफेर' रखा गया है. 'उफेर' यानी स्ट्रीट.  नेकर के दूसरे तट पर एक स्ट्रीट है -'फिलॉसफेन वेग'. सैकड़ों साल पुराने मकानों से घिरी इस स्ट्रीट पर कहते हैं कि कई दार्शनिकों ने अपने निशान छोड़े हैं! इसी के इर्द-गिर्द एक मकान के बाहर एक नेमप्लेट दिखती है जिसमें लिखा है: 'दार्शनिक, कवि और पाकिस्तान के जनक  (मानस पिता) यहाँ रहते थे'. 
 

'सारे जहाँ से अच्छा हिंदोस्ता हमारा' लिखने वाले कवि इकबाल और एक अलग राष्ट्र पाकिस्तान की मांग करने वाले विचारक इकबाल के साथ तालमेल बिठाने में मुझे परेशानी हुई. उनका व्यक्तित्व एक साथ कई विरोधाभासों  को समेटे हुए था. 

खैर, मेरी इन उलझनों का जवाब अगले दिन हाइडेलबर्ग विश्वविद्यालय के दक्षिण एशियाई संस्थान में मिला जहाँ मुझे हिंदी मीडिया पर बोलना था.  यह संस्थान पिछले पचास सालों से दक्षिण एशियाई भाषा, साहित्य और संस्कृति के ऊपर शोध,  शिक्षण-प्रशिक्षण को बढ़ावा दे रहा हैं. इस संस्थान में प्रवेश करते ही रचनाकर्म में रत रवींद्रनाथ ठाकुर की एक आवक्ष प्रतिमा ('बस्ट') दिखती है.  इकबाल की तरह ठाकुर भी दक्षिण एशिया के एक ऐसे प्रतिनिधि शायर और विचारक थे, जिन्हें किसी एक राष्ट्रीयता में कैद नहीं किया जा सकता. 

संस्थान के वर्तमान निदेशक प्रोफेसर हंस हार्डर खुद हिंदी और बांग्ला के विद्वान हैं. मेरी नजर कोल्हापुरी चप्पल पर पड़ी जो उन्होंने पहन रखी थी. मैंने तारीफ की तो मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा कि आम तौर पर विश्वविद्यालय में हम ये पहन कर नहीं आते, पर आज गरमी है, तो चलेगा. और फिर यह दक्षिण एशियाई संस्थान तो है ही! 

आज लोग इसे भले ही याद न करें, पर 20वीं सदी की शुरुआत में अल्लामा इकबाल, जाकिर हुसैन, राम मनोहर लोहिया जैसे राजनेता-विचारक जर्मनी शिक्षा-दीक्षा के लिए आए थे. जेएनयू के प्रोफेसर आनंद कुमार ने बताया कि लोहिया की पीएचडी थीसिस का वर्तमान में कोई अता-पता नहीं है. भारत सरकार को चाहिए कि वह जर्मनी के साथ मिल कर उनके शोध प्रबंध की खोज का उपक्रम करे, ताकि पता चल सके वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौर में किन विचारों-चिंताओं से जूझ रहे थे. 
(दुनिया मेरे आगे, जनसत्ता में 28 जून 2013 को प्रकाशित)

Friday, June 14, 2013

मेहनतकशों का शहर


जिगन को 'मुफस्सिल' तो नहीं कहेंगे पर बर्लिन, बोन, कोलोन की तुलना में यह शहर अपनी शान में छोटा है.  और जैसा कि हर छोटे शहरों या मुफस्सिल में रहने वालों के साथ होता है, वे आस-पास के शहरों की ओर हसरत और कुछ ईर्ष्या से देखते रहते हैं.

तीन वर्ष पहले जब कुछ महीने के लिए आया था तो लोगों को आश्चर्य लगता था कि दिल्ली जैसे विशाल महानगर का आदमी इस छोटे शहर में कैसे खुश रह रहा है. तब रोमानिया मूल की जर्मनी में पली-बढ़ी योआना पूछती थी दिल्ली से कैसे यहाँ! यह शहर तो नहीं जँच रहा होगा ! मैं कहता था- अरे! इसलिए तो जँच रहा है! योआना दिल्ली, कोलकाता देख आई है.

द्वितीय विश्वयुद्ध के करीब 70 वर्षों के बाद युद्ध की पीड़ा से जर्मनी उबर भले गया हो, उसके भूत ने अभी भी पीछा नहीं छोड़ा है. कल जब हम कुछ प्रोफेसर के साथ रात का खाना खा रहे थे तब एक प्रोफेसर ने हँसते हुए पूछा- अच्छा बताइए, एक तो जर्मनी युद्ध के लिए प्रसिद्ध रहा है और दूसरा किस चीज से उसकी खासियत झलकती है. किसी ने कहा, समय की पाबंदी, किसी ने कहा, दक्षता और किसी ने कहा बीयर! पर हँसते हुए फिर उन्होनें ही जवाब दिया- 'गलत, हम युद्ध हारने के लिए भी प्रसिद्ध है!'

असल में करीब सात-आठ सौ साल पुराने इस शहर का अस्सी प्रतिशत हिस्सा द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान नष्ट हो गया था. इसे इसलिए भी निशाना बनाया गया क्योंकि उत्तरी-राइन वेस्टफेलिया में पड़ने वाला उत्तरी-पश्चिमी यह क्षेत्र लौह-इस्पातों से भरा-पूरा था.  और मुख्यत:  कामगारों का शहर था. नष्ट नीड़ का निर्माण आप कितना भी कीजिए, पर क्या आप पुरानी रौनक को पा सकेंगे? फिर भी मेहनतकशों ने नए सिरे से इस शहर को बुना और आज जर्मनी के किसी भी अन्य शहर की तरह आज उतना ही जर्मन है. छोटी-छोटी पहाड़ियों से घिरा, बीचों-बीच बहती जिग नदी ,  बारिश की फुहाड़ और केंद्र में जिगन विश्वविद्यालय. सत्तर के दशक में क्षेत्रीय विकास के लिए सरकार ने इसके केंद्र में विश्वविद्यालय की स्थापना की और आज यह मुख्य रूप से 'यूनिवर्सिटी टाउन' कहलाता है.  किसी भी विश्वविद्यालय में मौसम के बदलने के साथ प्रवासी पक्षियों की तरह विद्यार्थियों का आना-जाना लगा रहता है. लेकिन युवाओं की चहल-पहल, गहमागहमी बरकरार रहती है. भारत अभी युवाओं का देश है , इसके ठीक उलटा जर्मनी में उम्र के आखिरी चरण की ओर बढ़ते लोगों की जनसंख्या काफी अधिक है. और यह यहाँ के लोगों और जर्मनी के सरकार की मूल चिंता है. 

पिछली बार सर्दी से उकताए लोग वसंत के आने की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे थे. पर जून महीने में चारों तरफ हरियाली वैसी है जैसे भारत में मानसून के समय होती. नौ साढ़े-नौ बजे अंधेरा होता है, ऐसा लगता है सूरज 'ओवर टाइम' कर रहा हो! 
योआना

भारत और जर्मनी में 'राजनीति, घर्म और मीडिया 'के संबंधों को लेकर यहाँ  एक सेमिनार का आयोजन है और इसी सिलसिले में हम कुछ भारतीय दोस्तों और प्रोफेसरों के साथ आए हैं.  शाम को हम योआना से मिले. योआना मल्टीनेशनल कंपनी के कर्मचारियों को अंग्रेजी पढ़ाने के बाद आई थी. वे कहती है कि भूमंडलीकरण के बाद ऐसे लोगों की माँग बढ़ी है जो अंग्रेजी जानते हो क्योंकि इन कंपनियों का कारोबार भारत और अमेरिका जैसे देशों के साथ है और अंग्रेजी की जरुरत होती है. पर यहाँ लोगों में अंग्रेजी नहीं जानने को लेकर झिझक या विनम्रता से उपजी एक स्वभाविक हया जो हमारे अंदर होती है वह भले हो ,पर शर्म नहीं है जैसा कि हममें आम तौर पर होती है. किताब की दुकानों पर जर्मन में ढेरों किताबें और किसी एक छोटे से खंड में अंग्रेजी की किताबें दिखती हैं. 

योआना शाहरुख खान की जबरदस्त फैन है. पिछली बार वो मुझे अपने घर 'ओम शांति ओम' दिखाने ले गई थी. मैंने पूछा कि क्या 'जब तक है जां', देख ली? उसने कहा अभी नहीं, हां, 'रा वन' देखी थी. मैंने पूछा कि क्या तुम्हारे माता-पिता भी हिंदी फिल्म देखते हैं? अपने हाथों को इस अंदाज में झटका कि क्या बात करते हो. पर साथ ही जोड़ा कि मेरी दादी जरुर देखती थी. रोमानिया में राज कपूर की आवारा और तीसरी कसम काफी चर्चित थी. मेरी दादी इन फिल्मों का जिक्र करती थी और आवारा मुझे भी पसंद है.


(जनसत्ता के समांतर स्तंभ में 22 जून 2013 को प्रकाशित)

Tuesday, May 04, 2010

प्रेम में पड़ी उस स्त्री से अपना नाता था...


वसंत आ गया है. दरख़्तों ने यहाँ पर हरियाली ओढ़ ली है. चिड़ियों की गूफ़्तगू हर तरफ़ सुनाई दे रही है. मेरे आँगन में टलहती, गोरैया सी दिखती, उस चिड़िया का क्या नाम है ?


आस-पड़ोस में, घरों के सामने लाल-पीले ट्यूलिप खिले हुए हैं. हल्की सी ठंड है, वासंती हवा की मादकता लिए हुए. लेकिन मेरे मन में कोई उत्कंठा नहीं है. पिछले कुछ दिनों से उदास हूँ. मन बहुत खिन्न है. कई बातें, कई यादें मन में उमड-घुमड़ रही है.


भाई-बहनों में सबसे छोटा हूँ, लेकिन नवआंगंतुकों को नाम देने की जिम्मेदारी सबने मेरे ऊपर डाल रखी है.


चौदह साल का था जब घर में चचेरी बहन आई. शिप्रा, क्षिप्रा नदी के नाम पर उसका नाम रखा...नदी की तरह बहेगी, सोचा.


फिर भाई-बहनों के घरों में परियों ने जन्म लिया. नाम रखा..अभिधा, लिपि...नव्या.


अपनी बेटी के लिए भी मैंने एक नाम सोच रखा है…


निरुपमा ने क्या नाम सोचा होगा अपनी बेटी के लिए?


बचपन में माँ विद्यापति के लिखे गीत गाती थी...कोन तप चुकलहुं भेलहुं जननी गे.. (तपस्या में कौन सी चूक हो गई विधाता, जो स्त्री होके जन्म लेना पड़ा).


माँ, स्त्रीत्व एक उत्सव है यहाँ…


निरुपमा को मैं नहीं जानता था. लेकिन प्रेम में पड़ी उस स्त्री से अपना नाता था...निरुपमा मैं बहुत उदास हूँ.


(चित्र में निरुपमा पाठक, युवा पत्रकार जिसकी पिछले दिनों कथित तौर पर परिजनों ने हत्या कर दी, क्योंकि वह एक विजातीय लड़के से प्रेम कर रही थी और उसके गर्भ में एक बच्चा पल रहा था)

Wednesday, February 24, 2010

'मार्क्स का राजनीतिक दर्शन मर चुका है'

यहाँ बर्फ़ की चादर धीरे-धीरे सिमट रही है. कहीं-कहीं घास पर बर्फ़ का चकत्ता ऐसे दिखता है मानो धुनिया ने रूई धुन कर इधर-उधर फैला रखी हो.

सबेरे टिपटिप बारिश हो रही थी. भीगते-भागते, पहाड़ियों को पार करते, विश्वविद्यालय की कैफ़ेटेरिया पहुँचे मुश्किल से एक-दो मिनट हुए होंगे कि मेरे कानों में आवाज़ आई, ‘आर यू मिस्टर कुमार?’ आँखे उठाई, सामने वे खड़े थे. मैंने देखा, घड़ी की सुई आठ बज कर 30 मिनट पर ठहरी हुई है.

मैंने जैसे ही आहिस्ते से अपने बैग से कैमरा निकाल कर मेज पर रखा उन्होंने पूछा, क्या आप मेरी तस्वीर लेंगे, इसे छापेंगे! कोई बात नहीं..

अपनी कमीज़ के कॉलर को ठीक करते हुए उन्होंने कहा... अब शायद ठीक रहेगा और मुस्कुरा दिया.
फिर अचानक जैसे कुछ याद करते हुए उन्होंने पूछा ‘आर यू ए सांइटिस्ट ऑर जर्नलिस्ट?’
 
“असल में मैं उन लोगों में से नहीं हूँ जो घुमना पसंद करते हैं और शायद इस वजह से ज्यादा गोरा हूँ. 35 वर्ष पहले मैं भारत गया था फिर नहीं जा पाया.”, कुछ सफाई देते हुए उन्होंने कहा.

जिगन विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय राजनीति के प्रोफ़ेसर युरगेन बेल्लर्स के साथ हमारी बातचीत का यह अवांतर प्रसंग था:

यहाँ तो अब मार्क्स का राजनीतिक दर्शन मर चुका हैं. हां, छात्र संघों में अब भी मार्क्स की धमक सुनाई पड़ेगी आपको. विश्वविद्यालयों में ज्यादातर प्रोफ़ेसर परंपरागत रूप से मार्क्सवादी नहीं है, वे ‘लेफ्ट-लिबरल’ हैं. अब उनका सारा ज़ोर पर्यावरण मुद्दों और सेक्स के मामले में होने वाले भेदभाव के मार्क्सवादी विवेचन पर है.

जब मैं विश्वविद्यालय का छात्र था तब ऐसा नहीं था. 60 के दशक का दौर अलग था...सब तरफ छात्रों के अंदर असंतोष और विद्रोह था. मैं भी कट्टर मार्क्सवादी था लेकिन अब पूरी तरह से बदल चुका हूँ... मैं अब एक कंजरवेटिव हूँ. लेकिन मेरा मामला ‘टिपिकल’ नहीं है. 

मैंने समाजवादी जर्मनी में कट्टरता को झेली है. मैं पश्चिमी जर्मनी का हूँ और मेरी बीवी पूर्वी जर्मनी से ताल्लुक रखती है. वह वहाँ से भाग कर पश्चिमी जर्मनी आना चाहती थी. उसे जेल में क़ैद कर दिया गया. वहाँ उसे दो-तीन साल बंदी बना कर रखा गया, फिर उन्होंने उसे नौकरी और अन्य सुविधाएँ देकर वहाँ के समाज में सामंजस्य के साथ रखने की कोशिश की. लेकिन जब उन्हें लगा कि ऐसा संभव नहीं है तो फिर उसे छोड़ दिया गया.
इन बातों की चर्चा आज कोई नहीं करता. 

मेरी बीवी पागल हो चुकी है. मैं उससे नहीं मिलता. वह कहती है कि मैं उसका हत्यारा हूँ...क़ैद में बंद रहने का खामियाजा उसे अब भुगतना पड़ा है (लेट कांसिक्वेंसेज ऑफ़ प्रिज़न)...

फिर जैसे कहीं कोई ख्याल आया और वे कह उठे, ‘इट्स फ़ेट...यू मस्ट लिव इट...’. मैं भी उनकी बातचीत में कहीं खो गया था, जैसे सोते से जाग कर कहा, ‘यस, यस...’

(चित्र में जिगन विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय राजनीति के प्रोफ़ेसर युरगेन बेल्लर्स) (अमृत वर्षा, दिल्ली, में मार्च 5 मार्च 2010 को प्रकाशित)

Friday, February 12, 2010

घर एक सपना है

बचपन में हम एक खेल खेला करते थे. बब्बू, आपको याद है, तब हम पूर्णिया में रहते थे गाँव नहीं लौटे थे! हमारे मकान के पिछवाड़े में काफ़ी जगह थी. हम खुरपी से ज़मीन खोद कर पानी डालते थे. उसमें इकन्नी-दुअन्नी गाड़ते थे और फिर सूखी मिट्टी से उसे पूरी तरह से ढक देते थे.

हम सपने बुनते थे कि जब इस पैसे से पेड़ निकलेगा तब कैसे-कैसे पैसे उसमें फलेंगे. क्या हम पेड़ पर चढ़ कर पैसे तोड़ पाएँगे. कोई बात नहीं, चाचा से हम कह देंगे वे तोड़ दिया करेंगे हमारे लिए. यों जब पैसे बड़े हो जाएँगें तब खुद गिर गिर के इधर-उधर बिखरें पड़ें मिलेंगे, पके आम की तरह. लेकिन यदि रुपए फले तो!
वे तो तेज़ हवा में उड़ जाएँगे...!

वे बचपन के दिन थे. आपको याद है बब्बू, राजा भर्तहरी के गीत गाने वाले, बनगाँव महिषी के गुदरीया बाबा. चाचा उन्हें खाना खिलाते थे, माँ उन्हें गुदरी देती थी. चाचा ग्रहों के दोष से बचने के लिए उनसे उपाय पूछते थे. वे हर बार नए ग्रहों के दोष के बारे में बताते थे. कभी शनि की दशा ठीक नहीं होती थी, तो कभी चाचा के मंगल में दोष होता था.


गुदरीया बाबा हमारा भी हाथ देखते थे. क्या हमारे हाथ में विद्या रेखा है, क्या हम विदेश जाएँगे बताइए ना, हम उनसे पूछते थे. फ्रैंकफ़र्ट एयरपोर्ट पहुँच कर मैंने एक बार फिर से अपने हाथ को उलट-पुलट कर देखा, हां चंद्र पर्वत पर एक रेखा तो है शायद...!


यहां जिगन में (कल प्रोफ़ेसर डेटलिफ बता रहे थे जिग नाम की एक नदी है) विश्वविद्यालय के इस गेस्ट हाउस के बाहर, मेरे इस खूबसूरत कमरे के ठीक सामने बर्फ़ की चादर फैली है. यहां का तापमान अभी माइनस सात डिग्री है. सेमल के फूल की तरह बर्फ़ के फाहे हवा में तैर रहे हैं. सामने कई पत्रहीन नग्न गाछ (पेड़) एक सीध में खड़े हैं.


भाई, हमारा बचपन बीतता गया, पैसों के पेड़ हम कहाँ देख पाए...इन वर्षों में लेकिन सपनों के पेड़ में काफ़ी नव पल्लव खिलते गए. हमने सतरंगी सपने देखना छोड़ा नहीं. हमारे बचपन में न कोई समुद्र था न ही कोई बर्फ़. पापा के पास इतने पैसे कहां थे कि हमें कहीं बाहर घुमाने ले जाते. हमें घर से बाहर भेज कर पढ़ाने का साहस किया, यह क्या उनके लिए आसान था.? उनके सपने हमारे सपनों से जुड़ते गए.


अजीब संयोग है, ज़िंदगी में पहली बार समुद्र देखा था वह हमारी दुनिया नहीं थी. पहली बार बर्फ़ गिरते देख रहा हूँ यह भी एक दूसरी दुनिया है. यूरोप देखने की, वहाँ रह कर पढ़ने-लिखने की मन में चाह थी. लेकिन कब? यह पता नहीं था.


आज आपकी बहुत याद आ रही है. बचपन में मेरे लिए रेत का घरौंदा और बालू का घर आप बनाते थे. कितना अच्छा होता आप यहाँ होते और बर्फ़ में मेरे लिए एक घर बनाते. मेरा हाथ अब भी इतना सुघड़ नहीं कि घर बना पाऊँ. घर एक सपना है...!


(जनसत्ता में 19.02.2010 को प्रकाशित)