Showing posts with label वहीदा रहमान. Show all posts
Showing posts with label वहीदा रहमान. Show all posts

Sunday, August 04, 2024

अधूरे अफसाने सी जिंदगी: गुरुदत्त


पिछले साल जब वहीदा रहमान को दादा साहब फाल्के पुरस्कार दिया गया तब मैंने उनसे बातचीत की थी. मैंने उनसे पूछा था कि ‘आप गुरुदत्त को कैसे याद करती हैं?’ उनका कहना था कि ‘मैं न्यूकमर थी उस वक्त. मुझे कुछ समझ नहीं थी. उन्होंने एक के बाद एक ऐसी क्लासिक पिक्चर बनाई, जिसका मैं हिस्सा बनी. पूरा क्रेडिट गुरुदत्त जी का है.’ प्रसंगवश, वर्ष 1955 में तेलुगु फिल्म ‘रोजुलू माराई’ के एक गाने में पहली बार वह नजर आई जो बेहद चर्चित हुई. उस गाने पर गुरुदत्त की नजर पड़ी और वे उन्हें मायानगरी (मुंबई) खींच लाए.

वहीदा रहमान की फिल्में, जिसे गुरुदत्त (1925-1964) ने निर्माण-निर्देशित किया, मसलन ‘प्यासा’, ‘साहब बीवी और गुलाम’, ‘कागज के फूल’ विश्व सिनेमा के इतिहास में क्लासिक का दर्जा रखती है. महज 39 वर्ष का जीवन ही गुरुदत्त को मिला. लेकिन करीब पंद्रह वर्ष के फिल्मी करियर में गुरुदत्त ने परदे पर एक कलाकार और निर्देशक के रूप में जो कुछ भी रचा उसने हिंदी सिनेमा के मुहावरे को बदल दिया. उनकी अधिकांश फिल्में कलात्मक और व्यावसायिक दोनों ही रूपों में सफल रही थी.

साथ ही उनकी बनाई फिल्मों में एक उत्तरोत्तर उठान दिखाई देता है. शुरुआत की फिल्म ‘बाजी’ (1951), जिसे उन्होंने बलराज साहनी के साथ मिल कर लिखा था, से लेकर ‘जाल’, ‘बाज’, ‘आर-पार’, ‘मिस्टेर मिसेज 55’ और ‘साहब बीवी और गुलाम’ तक के सफर में यह दिखाई देता है. उनकी आखिरी फिल्में एक कुशल रचनाकार के ‘स्व’ की खोज की तरफ जाती दिखाई देती है. एक कश्मकश है यहाँ, जो उनके निजी जीवन का भी प्रतिबिंब है. उनका जीवन एक अधूरे अफसाने की तरह रहा, जो हूक पैदा करता है.

गुरुदत्त के जन्मशती वर्ष में एक बार फिर से उनके योगदान की चर्चा अपेक्षित है. गुरुदत्त की फिल्में जितनी मेलोड्रामा के लिए याद रखने योग्य है, उतनी है बिंब के इस्तेमाल को लेकर. उनकी फिल्मों में विभिन्न शॉट्स का संयोजन एक लय की सृष्टि करता है. ‘कागज के फूल’ फिल्म में जिस तरह से कैमरा ने प्रकाश और छाया को कैद किया है, वह अविस्मरणीय है.

उनकी फिल्मों में गीत-संगीत का प्रयोग अलग से रेखांकित किया जाता रहा है. नसरीन मुन्नी कबीर ने ‘गुरुदत्त: ए लाइफ इन सिनेमा’ में ठीक ही लिखा है कि गानों को परदे पर उतारने में उन्हें महारत हासिल थी, जिससे उनके सहयोगी हमेशा प्रभावित होते थे. अपनी सभी फिल्मों में गुरुदत्त गीतों का इस्तेमाल संवाद के विस्तार के रूप में करते थे. 'मिस्टर एंड मिसेज 55' जैसी कॉमेडी हो या ‘प्यासा जैसी ट्रेजडी फिल्म, इनके गाने साठ-सत्तर साल बाद भी लोगों की जबान पर हैं.

कर्नाटक के मंगलौर में जन्मे गुरुदत्त का बचपन कोलकाता में बीता था. सत्तरह वर्ष की उम्र में वे प्रसिद्ध नृत्यकार उदय शंकर की संस्था ‘इंडिया कल्चर सेंटर’(अल्मोड़ा) से जुड़े थे. वर्ष 1944 में, दो वर्ष बाद, वे पूना पहुँचे जहाँ वे विश्राम बेडेकर निर्देशित फिल्म ‘लाखारानी (1945)’ में सहायक निर्देशक और एक किरदार की छोटी सी भूमिका में दिखे. यहीं से उनके फिल्मी सफर की शुरुआत हुई, जो मंजिल तक पहुँचे बिना खत्म हुई.

Wednesday, October 18, 2023

वहीदा रहमान: सिनेमा के सौंदर्य का सम्मान


वहीदा रहमान को सिनेमा में योगदान के लिए इस वर्ष का प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार दिया गया है. भले वर्ष 1969 में देविका रानी से इस पुरस्कार की शुरुआत हुई, लेकिन लगभग पचास सालों के इतिहास में महज छह अभिनेत्रियों को ही इस पुरस्कार से नवाजा गया है.

 वर्ष 1955 में तेलुगू फिल्म ‘रोजुलू माराई’ के एक गाने में वहीदा रहमान पहली बार पर्दे पर दिखी. उस गाने पर फिल्मकार गुरुदत्त की नजर पड़ी और वे उन्हें मायानगरी (मुंबई) खींच लाए. वर्ष 1956 में ‘सीआईडी’ फिल्म से शुरू हुआ उनका सफर जारी है. उन्होंने अब तक करीब 90 फिल्मों में काम किया है. 

उम्र के 85 वर्ष पूरी कर चुकी वहीदा इस साल प्रयोगधर्मी निर्देशक अनूप सिंह की फिल्म ‘द सॉन्ग ऑफ स्कॉर्पियंस’ में नज़र आई थीं. उनकी कई ऐसी फिल्में हैं, जिन पर हिंदी सिनेमा को नाज है. पिछली सदी के पचास-साठ के दशक में आईं ‘प्यासा’, ‘कागज के फूल’, ‘चौदहवीं का चाँद’, ‘साहब बीवी और गुलाम’, ‘गाइड’, ‘तीसरी कसम’, ‘खामोशी’ फिल्में आज क्लासिक मानी जाती है और ‘रोजी’, ‘हीराबाई’, ‘गुलाबो’, ‘शांति’ ‘राधा’ जैसे किरदार आज भी याद किए जाते हैं.

वैसे तो अपने फिल्मी करियर में उन्होंने सबसे ज्यादा फिल्में देवानंद के साथ की, जिनकी जन्मशती मनाई जा रही है, पर शुरुआती दौर की फिल्मों की सफलता का श्रेय वे गुरुदत्त को देती हैं. अपनी सिनेमाई यात्रा के बारे में वे कहती हैं: “मेरा करियर शुरु से ही बहुत अच्छा रहा. मुझे कोई संघर्ष नहीं करना पड़ा और सब कुछ अच्छा होता गया. ऊपर वाले की बहुत दया थी.”  

वहीदा रहमान के करियर में विजय आनंद (गोल्डी) निर्देशित ‘गाइड’ (1965) का स्थान सबसे ऊपर है.. राजू (देवानंद) और रोजी (वहीदा रहमान) के बीच प्रेम संबंध को यह फिल्म जिस अंदाज और फलसफे से प्रस्तुत करती है, वह इसे समकालीन बनाता है. यह फिल्म मशहूर लेखक आर के नारायण के इसी नाम से लिखे उपन्यास पर आधारित है.

आज 21वीं सदी के भारत में स्त्रियों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में पिछली सदी के पचास-साठ के दशक की अपेक्षा बहुत परिवर्तन हुए हैं. सिनेमा भी इस बदलाव को अंगीकार कर रहा है, लेकिन साठ के दशक में एक विवाहित स्त्री के अन्य पुरुष के साथ संबंध को पर्दे पर दिखाना सिनेमा की परंपरा के विपरीत था. 'गाइड' में एक विवाहित स्त्री एक पुरुष के साथ लिव-इन में रहती है, जो  अपनी पहचान और स्वतंत्रता को लेकर काफी सचेत है. वहीदा स्वीकार करती हैं कि रोजी का किरदार उनके व्यक्तित्व के करीब है. वे कहती हैं कि ‘रोजी को पता है कि वह क्या चाहती है और स्पष्ट बोलती है.’

प्रसंगवश, ‘गाइड’ उपन्यास पर मशहूर फिल्मकार सत्यजीत रे भी फिल्म बनाना चाह रहे थे. जब वहीदा बांग्ला फिल्म ‘अभीजान (1962)’ में उनके साथ काम कर रही थीं तब उन्होंने इस बात की चर्चा की थी. पर बाद में फिल्म बनाने के अधिकार देवानंद ने खरीद लिए थे और यह फिल्म ‘नवकेतन’ के बैनर तले बनी. वे कहती हैं कि ‘ऐसा लगता है कि रोजी मेरे लिए ही लिखी गई थी. सत्यजीत बनाएँ या देवानंद,  करना मुझे ही था.’ गाइड की तरह ही फणीश्वरनाथ रेणु की कहानी ‘मारे गए गुलफाम’ पर बनी ‘तीसरी कसम’ (1966) भी हीरामन (राजकपूर) और हीराबाई (वहीदा) की असफल प्रेम कहानी है, जिसकी चर्चा आज भी होती है.

हिंदी सिनेमा में कहानी, गीत-संगीत की केंद्रीय भूमिका रही है. ‘मेलोड्रामा’ अभिनेता-अभिनेत्री सहारे ही पर्दे पर मूर्त होता है. उनके माध्यम से ही पर सिनेमा देखते-परखते हैं. ऐसे में इस बात से शायद ही कोई इंकार करे कि ‘गाइड’  और ‘तीसरी कसम’ फिल्म का सौंदर्य ‘रोजी’ और ‘हीराबाई’ के इर्द-गिर्द है. फिल्म का गीत-संगीत जिस किरदार से जुड़ा है वह एक नर्तकी है. खुद वहीदा भरतनाट्यम में प्रशिक्षित हैं. जब मैंने उनसे पूछा कि किस तरह उन्होंने एक साथ रोजी और हीराबाई के किरदार के लिए खुद को तैयार किया, तो उन्होंने कहा कि ‘एक आर्टिस्ट के रूप में हमें समझना पड़ता है कि हीराबाई गाँव की नौटंकी करती है. उसका डांस करने का अंदाज अलग है. यह क्लासिकल नहीं है. वहीं रोजी प्रोफेशनल स्टेज डांसर है.’ सिनेमा में आने से पहले वे मंच पर अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन करती थीं. वहीदा अपने वालिद के कहे इस बात को याद करती हैं कि ‘हुनर नहीं खराब होता है, आदमी खराब होता है. आप जिस तरह पेश आते हैं उस तरह प्रोफेशन का नाम होता है’.

वहीदा ने अपनी प्रतिभा के बूते देश-विदेश में खुद का और हिंदी सिनेमा का नाम रोशन किया.  अभी तक हम अभिनेताओं के नजरिए से ही हिंदी फिल्मों को परखते रहे हैं, वहीदा रहमान के किरदारों, भाव-अभिनय की रोशनी में उनकी फिल्मों को देखना-परखना सिनेमा के पारखियों और प्रेमियों के लिए आज भी रोचक है. 

Monday, October 09, 2023

वहीदा रहमान के साथ अरविंद दास की बातचीत

 


सुप्रसिद्ध अभिनेत्री वहीदा रहमान को भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार दिए जाने की घोषणा हुई है.  85 वर्ष की वहीदा रहमान वर्ष 1955 में तेलुगू फिल्म ‘रोजुलू माराई’ के एक गाने में पहली बार नजर आई जो बेहद चर्चित हुई. उस गाने पर फिल्मकार गुरुदत्त की नजर पड़ी और वे उन्हें मायानगरी (मुंबई) खींच लाए. वर्ष 1956 में ‘सीआईडी’ फिल्म से शुरू हुआ सफर आज भी जारी है और उन्होंने करीब 90 फिल्मों में काम किया है. अरविंद दास ने पिछले दिनों वहीदा रहमान से बातचीत की. उनसे हुई बातचीत का एक संपादित अंश प्रस्तुत है:

अरविंद दास: वहीदा जी, बहुत बधाई आपको. क्या दादा साहब फाल्के पुरस्कार मिलने में देर हुई?

वहीदा रहमान: देखिए, जो जिस वक्त होना होता है वही होता है. आगे हो जाता है तो कहते हैं कि बहुत जल्दी मिल गया, अगर बाद में मिले तो कहते हैं देर हो गया. मैं समझती हूँ कि ऐसी कोई बात नहीं.

अरविंद दास: पर क्या यह सच नहीं है कि देविका रानी से फाल्के पुरस्कार की शुरुआत हुई और अब तक  गिनी चुनी महिला कलाकारों को ही पचास सालों में यह पुरस्कार मिला है, जबकि सिनेमा में उनका योगदान पुरुषों से कम नहीं है...

वहीदा रहमान: ऐसी बात नहीं है. देखिए एक तो मैं एक्सपेक्ट नहीं कर रही थी और यह अचानक हुआ. तो मैंने कहा कि ठीक है- दैट्स ऑल. ऐसी कोई बात नहीं कि आगे, पीछे...विवाद शुरु करने की क्या जरूरत है.

अरविंद दास: इस साल मैंने आपकी फिल्म ‘द सॉन्ग ऑफ स्कॉर्पियंस’ देखी, जिसे अनूप सिंह ने निर्देशित किया. फिल्म में इरफान, जो अब नहीं रहे, और इरानी मूल की फ्रेंच अदाकारा गोलशिफतेह फरहानी भी थी. कैसा अनुभव रहा.

वहीदा रहमान:  मेरी अब तक की आखिरी फिल्म है ये. इरफान के साथ कोई दृश्य इसमें नहीं है. छोटा सा गेस्ट रोल था, इस फिल्म में. अनूप सिंह की मैंने ‘किस्सा’ देखी थी, जो मुझे बहुत अच्छी लगी थी, तो यह फिल्म मैंने कर ली. अच्छा अनुभव रहा और क्या कहूँ.

अरविंद दास:  सीआईडी (1956) से अब तक लगभग पैंसठ-सत्तर साल का सिनेमाई सफर कैसा रहा है? कैसे मुड़ कर आप अपने करियर को देखती हैं.

वहीदा रहमान:   मेरी सिनेमाई यात्रा बहुत ही अच्छी रही. क्या कहूँ, मेरा करियर शुरु से ही बहुत अच्छा रहा. मुझे कोई संघर्ष नहीं करना पड़ा और सब कुछ होता गया. ऊपर वाले की बहुत दया थी, सब कुछ अच्छा, अच्छा ही होता गया.

अरविंद दास:   देवानंद की जन्मशती मनाई जा रही है, जिनके साथ आपने सबसे ज्यादा फिल्में की. कैसे को-स्टार थे वे?  आप उन्हें ‘डिसेंट फ्लर्ट’ कहती थीं.

वहीदा रहमान:   सीआईडी में मैंने पहली बार साथ में काम किया. उन्होंने कहा कि आप मुझे सिर्फ देव कहोगी. मैंने कहा कि ऐसे कैसे मैं कह सकती हूँ, देव साहब. मैंने कहा कि आप मेरे से बड़े है. बड़े स्टार हैं आप और यह मेरी पहली पिक्चर है. उन्होंने कहा कि नहीं, कोई मिस्टर या साहब नहीं. सिर्फ देव कहो. उन्होंने कहा कि यदि यह तकल्लुफ होती है, तो मैं काम नहीं कर सकता..हमें एक-दूसरे का दोस्त होना चाहिए. काम में मदद करनी चाहिए. तो मैंने कहा कि ठीक है. सिर्फ वहीं थे जिन्हें मैं सिर्फ देव कहती थी, नहीं तो राज जी (राज कपूर), दिलीप साहब (दिलीप कुमार), सुनील जी (सुनील दत्त) वगैरह वगैरह... तो एक कंफर्ट लेवल था उनके साथ. हम एक-दूसरे को समझते थे कि कोई प्रॉब्लम हो तो कैसे सुलझाए. वे इतने फ्रेंडली, प्यार से मिलते थे कि कभी नहीं लगा कि फ्लर्ट कर रहे हैं. वे फ्लर्ट नहीं थे, इसलिए मैं उन्हें डिसेंट फ्लर्ट कहती थी (हंसती हैं).

अरविंद दास:   आपकी फिल्मोग्राफी में एक से बढ़कर एक फिल्म है, पर ‘गाइड’ का नाम सबसे ऊपर आता है. कैसे आपने इस फिल्म में रोजी के किरदार के लिए खुद को तैयार किया?

वहीदा रहमान:   देव जी ने आर के नारायण की किताब भेजी पढ़ने के लिए. इसके बाद उन्होंने स्क्रिप्ट बनाई पर्ल एस बक के साथ मिल कर तो वो भेजा. फिर डायरेक्टर्स को लेकर काफी अदलाव-बदलाव हुआ. आखिर में विजय आनंद आए जिनके साथ काम करके काफी अच्छा लगा. उनके साथ मैंने ‘काला बाजार’ की थी.  देव और गोल्डी (विजय आनंद) से सेट पर मिलना जुलना होता था, वे दोस्त थे. मुझे काफी खुशी हुई कि गोल्डी इसे निर्देशित कर रहे थे.

अरविंद दास:   एक जगह आपने कहा है कि सत्यजीत रे ‘गाइड’ को लेकर फिल्म बनाना चाह रहे थे, जब आप उनके साथ 'अभिजान (1962)' फिल्म कर रही थी?

वहीदा रहमान:   करेक्ट, करेक्ट. मैं तो भूल ही गई थी. अच्छा आपने याद दिलाया.

अरविंद दास:   यदि रे ने इसे बनाई होती तो कैसी फिल्म वो होती, किस तरह पर्दे पर उभर कर आती...?

वहीदा रहमान:   मुझे नहीं पता, क्योंकि उनका फिल्म बनाने का तरीका, नजरिया हिंदी फिल्मों से बिलकुल अलग था. देखिए, मैं मानती हूँ कि जो होना होता है वही होता है. जिसके नसीब में जो लिखा होता है वही होता है. जब मैं अभिजान कर रही थी तब मिस्टर रे ने कहा कि वहीदा जब वापस बंबई जाओगी तो ये किताब (गाइड) लेकर पढ़ना. मैं फिल्म बनाने की सोच रहा हूँ. मैंने कहा, ग्रेट. फिर कहने लगे कि इसमें डांसिंग रोल है. मैंने कहा, वंडरफुल. मैं बंबई आई, भूल गई. वो भी भूल गए. फिर दो-तीन साल के बाद, वर्ष 1964 में गाइड बननी शुरु हुई तो मैंने कहा कि लो, रोजी मेरे लिए ही लिखी गई थी. सत्यजीत बनाए, या देवानंद बनाएं मुझे ही करना था.

अरविंद दास:   उसी दौर में ‘तीसरी कसम’ (1966) फिल्म में भी आप काम कर रही थी. एक तरफ ‘गाइड’ में शास्त्रीयता लिए हुए ‘पिया तोसे नैना लागे रे’ पर डांस कर रही थी, तो दूसरी तरफ ‘तीसरी कसम’ में ‘पान खाए सैंया हमारो’ पर नौटंकी शैली में डांस कर रही थी . कैसे आपने एक साथ शास्त्रीय और लोक को साधा?

वहीदा रहमान:   देखिए, एक आर्टिस्ट के रूप में हमें समझना पड़ता है कि हीराबाई गाँव की नौटंकी करती है. उसका डांस करने का अंदाज अलग है. यह क्लासिकल नहीं है. वहीं गाइड में रोजी क्लासिकल डांसर है. वो प्रोफेशनल स्टेज डांसर है. हीराबाई नौटंकी भी स्टेज पर करती है, पर उसका तरीका, रवैया अलग है. ये हमें समझना पड़ता है.

अरविंद दास:   गाइड के गीत-संगीत के बारे में आप कुछ हमसे शेयर करना चाहें...

वहीदा रहमान:   देव का सेंस ऑफ म्यूजिक बहुत अच्छा था. उनका और एसडी बर्मन के बीच बहुत अच्छी अंडरस्टैंडिंग थी. कई बार वो दादा को कहते थे कि मजा नहीं आया इस गाने में. तो बर्मन दा कहते थे, कि क्या बात करता है. तब देव कहते थे कि नहीं, दादा नहीं अच्छा लगा, आप दूसरा बनाओ... बहुत अच्छी अंडरस्टैंडिंग थी दोनों में.

अरविंद दास:   उम्र के इस पड़ाव पर क्या आप अपने बचपन को याद करती हैं? कोई स्मृति जो आप साझा करना चाहें?

वहीदा रहमान:   बचपन की, ओह माय गॉड. (हंसते हुए) अभी कुछ याद नहीं आ रहा...बचपन बहुत अच्छा था. मां-बाप के साथ हम बहुत खुश रहते थे. पिकनिक पर जाते थे. जब मैं भरतनाट्यम डांस करना चाहती थी, तो मेरे वालिद साहब के दोस्त-रिश्तेदार मना कर रहे थे. जिस पर उन्होंने कहा कि ‘हुनर नहीं खराब होता है, आदमी खराब होता है. आप जिस तरह पेश आते हैं उस तरह प्रोफेशन का नाम होता है’. यह बात मुझे बहुत पसंद आई.

अरविंद दास:   बिछड़े सभी बारी बारी. गुरुदत्त बहुत जल्दी चले गए. कैसे आप उन्हें याद करती हैं? गुरुदत्त के साथ बनी आपकी फिल्म ‘प्यासा’, ‘साहब बीवी और गुलाम’, ‘कागज के फूल’ आज क्लासिक मानी जाती है.

वहीदा रहमान:   मैं न्यूकमर थी उस वक्त. मुझे कुछ समझ नहीं थी. उन्होंने एक के बाद एक ऐसी पिक्चर क्लासिक बनाई. जिसका मैं हिस्सा बनी. पूरा क्रेडिट गुरुदत्त जी का है. मैं लकी थी.




(नेटवर्क 18 हिंदी के लिए खास बातचीत, संवाद पथ, अक्टूबर-दिसंबर 2023, पेज 19-21)

Sunday, October 08, 2023

रोजी, हीराबाई और गुलाबो: वहीदा रहमान का भाव-अभिनय

 


पिछले दिनों सुप्रसिद्ध अभिनेत्री वहीदा रहमान को सिनेमा में योगदान के लिए प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार दिए जाने की घोषणा हुई. भले वर्ष 1969 में हिंदी सिनेमा की ‘फर्स्ट लेडी’ देविका रानी से इस पुरस्कार की शुरुआत हुई, लेकिन पचास सालों के इतिहास में महज पाँच अभिनेत्री को ही इस पुरस्कार से नवाजा गया है. ऐसा क्यों?

वर्ष 1955 में तेलुगु फिल्म ‘रोजुलू माराई’ के एक गाने में वहीदा रहमान पहली बार नजर आई जो बेहद चर्चित हुई. उस गाने पर फिल्मकार गुरुदत्त की नजर पड़ी और वे उन्हें मायानगरी (मुंबई) खींच लाए. बाकी इतिहास है. वर्ष 1956 में ‘सीआईडी’ फिल्म से शुरू हुआ सफर आज भी जारी है और उन्होंने करीब 90 फिल्मों में काम किया है. 

85 वर्ष की वहीदा रहमान इस साल प्रयोगधर्मी निर्देशक अनूप सिंह की फिल्म ‘द सॉन्ग ऑफ स्कॉर्पियंस’ में नज़र आई थी. इस फिल्म में वे बिच्छुओं के डंक को अपने गीत के सहारे दूर करने वाली ‘जुबैदा’ की भूमिका में हैं. बहरहाल, जब से फाल्के पुरस्कार की घोषणा हुई  मीडिया में वहीदा रहमान की फिल्मों की चर्चा है. उनकी झोली में कई ऐसी फिल्में हैं, जिन पर हिंदी सिनेमा को नाज है. ‘प्यासा’, ‘कागज के फूल’, ‘चौदहवीं का चाँद’, ‘साहब बीवी और गुलाम’, ‘गाइड’, ‘तीसरी कसम’, ‘खामोशी’ आदि ऐसी ही फिल्में हैं.

26 सितंबर को देवानंद के सौ साल पूरे हुए, उसी दिन फाल्के पुरस्कार की घोषणा हुई थी. वहीदा रहमान ने कहा कि ‘मुझे लगता है कि तोहफा उनको मिलना था, मुझे मिल गया.’ प्रसंगवश, अपने फिल्मी करियर में सबसे ज्यादा किसी एक अभिनेता के साथ उन्होंने फिल्म की है तो वह देवानंद हैं. देवानंद को वहीदा ‘डिसेंट फ्लर्ट’ कहती हैं. देवानंद की जन्मशती के अवसर पर एक बार फिर से दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में उनकी देवानंद-वहीदा की फिल्में देखने का मौका आया था.

पिछले दिनों मैं ‘गाइड’ और ‘तीसरी कसम’ फिल्म फिर से देख रहा था और सोच रहा था कि इन फिल्मों का सौंदर्य कहां निहित है? जाहिर है, किसी भी कलाकृति के एक बिंदु पर उंगली रख कर हम सौंदर्य की शिनाख्त नहीं कर सकते. कला का सौंदर्य संपूर्ण कृति में निहित होता है.

हिंदी सिनेमा में कहानी, गीत-संगीत की केंद्रीय भूमिका रहती आई है. यह ‘मेलोड्रामा’ अभिनेता-अभिनेत्री सहारे ही पर्दे पर मूर्त होता है. उनके माध्यम से ही पर सिनेमा देखते-परखते हैं. ऐसे में इस बात से शायद ही कोई इंकार करे कि ‘गाइड’  और ‘तीसरी कसम’ फिल्म का सौंदर्य ‘रोजी’ और ‘हीराबाई’ के इर्द-गिर्द है. फिल्म का गीत-संगीत जिस किरदार से जुड़ा है वह एक नर्तकी है. खुद वहीदा भरतनाट्यम में प्रशिक्षित हैं. सिनेमा में आने से पहले वे मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करती थीं.

आज 21वीं सदी के भारत में स्त्रियों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में पिछली सदी के पचास-साठ के दशक की अपेक्षा बहुत परिवर्तन हुए हैं. सिनेमा भी इस बदलाव को अंगीकार कर रहा है, लेकिन साठ के दशक में एक विवाहित स्त्री के अन्य पुरुष के साथ संबंध को पर्दे पर दिखाना परंपरा के विपरीत था. 'गाइड' फिल्म में एक विवाहिता स्त्री एक पुरुष के साथ लिव-इन रहती है. वह अपनी पहचान और स्वतंत्रता को लेकर काफी सचेत है.

फिल्मकार नसरीन मुन्नी कबीर ने बातचीत में जब रहमान से पूछा था कि ‘हर किरदार में आपके व्यक्तित्व की झलक है पर कौन सा किरदार वहीदा के यथार्थ रूप के करीब है’? उन्होंने जवाब दिया कि ‘शांति, गुलाबो और रोजी में मेरा थोड़ा अंश है, लेकिन मैं ज्यादातर रोजी की तरह हूँ. रोजी को पता है कि वह क्या चाहती है, साफ, स्पष्ट बोलती है. अपने विश्वास पर वह अडिग है.’ बहरहाल, रोजी के साथ-साथ हीराबाई (तीसरी कसम) की चर्चा भी लाजिमी है. ‘तीसरी कसम’ फिल्म भी उस दौर में बन रही थी और वर्ष 1966 में रिलीज हुई. रोजी की तरह हीराबाई भी एक नर्तकी है. दोनों ही फिल्मों में गीत शैलेंद्र ने लिखे हैं, जो किरदारों के मनोभावों को बखूबी बयां करते हैं.

दोनों ही फिल्म असफल प्रेम कहानी है, हालांकि प्रेम के स्वरूप में काफी अंतर है.  ‘राजू’ गाइड की भूमिका में देवानंद और ‘हीरामान’ गाड़ीवान की भूमिका में राज कपूर निस्संदेह बेहद प्रभावी है, लेकिन वहीदा ने अपनी अदाकारी से रजत परदे पर रोजी और हीराबाई के किरदारों को अमर कर दिया.

एक तरफ ‘आज फिर जीने की तमन्ना है’ गाने वाली रोजी है तो दूसरी तरफ ‘मारे गए गुलफाम’ गाने वाली हीराबाई. पर सवाल है कि गुलफाम क्यों मारा गया? हीराबाई हीरामन से प्रेम करती है, पर निर्वाह करने को स्वतंत्र नहीं है. प्रेम की विवशता, विछोह को वहीदा ने बेहद खूबसूरत ढंग से अभिव्यक्त किया है. यहाँ प्रेम का कोई भविष्य नहीं है, फिर भी प्रेम है. चूंकि विछोह को स्वीकार कर लिया, इसलिए गुलफाम मारा गया.  

आखिर में, गुलाबो (प्यासा) के किरदार में जब वहीदा रहमान आती हैं तो वह ट्रेजडी के सभी गुणों को लिए हुए भी दुखांत नहीं है. यहाँ विजय (गुरुदत्त) का सहारा गुलाबो ही है! वहीदा रहमान के किरदारों, भाव-अभिनय की रोशनी में इन फिल्मों को फिर से देखना-परखना रोचक है. अभी तक हम अभिनेताओं के नजरिए से ही हिंदी फिल्मों को परखते रहे हैं!

‘गाइड’ फिल्म का मोहक सौंदर्य

 


देवानंद की जन्मशती (1923-2011) के अवसर पर उनकी कुछ फिल्मों का सिनेमाघरों में फिर से प्रदर्शन हुआ. उनकी फिल्मोग्राफी में विजय आनंद निर्देशित ‘गाइड’  (1965) का स्थान सबसे ऊपर है, जो मशहूर लेखक आर के नारायण के इसी नाम से लिखे उपन्यास पर आधारित है.

राजू (देवानंद) और रोजी (वहीदा रहमान) के बीच प्रेम संबंध को यह फिल्म जिस अंदाज और फलसफे से प्रस्तुत करती है, वह इसे क्लासिक बनाता है. देवदासी नर्तकी परिवार से आने वाली रोजी एक शादी-शुदा स्त्री है, जिसका ऑर्कोलॉजिस्ट पति (किशोर साहू) अपने काम में इस कदर मुब्तिला है कि उसे अपनी पत्नी की सुध नहीं है. रोजी के घुंघरू उसे पुकारते हैं, पर संबंधों की बेड़ी उसे रोके हुए है. राजू के संग पनपते प्रेम से उसे एक नई पहचान मिलती है. क्या वह एक सफल नर्तकी की पहचान, स्वतंत्रता, धन-दौलत से खुश है? राजू के व्यक्तित्व के भी कई आयाम हैं. 'तीसरी कसम' (1966) के हीरामन की तरह उसका प्रेम निश्छल नहीं है. न हीं वह रोजी से 'हीराबाई' की तरह बिना किसी अपेक्षा के प्रेम करता है. प्रेम के स्वरूप का यह द्वैत क्या महज शहरी और ग्रामीण परिवेश से संचालित है? या यह हिंदी के रचनाकार फणीश्वरनाथ 'रेणु' और अंग्रेजी के आर के नारायण के यथार्थबोध का फर्क है?

राजू एक तरफ रोजी (नलिनी) को बुलंदियों को छूते हुए देखना चाहता है, दूसरी तरफ उसे मुक्त भी नहीं करता. भौतिक सुख-सुविधा दोनों के बीच संबंधों में एक दूरी पैदा करते हैं. क्या राजू हीरो है या एंटी हीरो? किसी भी क्लासिक फिल्म की तरह 'गाइड' की भी समकालीन संदर्भों में कई तरह से व्याख्या की जा सकती है. ‘आत्म’ की तलाश में भटकता, ‘आस्था’ और खुद से संघर्ष करता हुआ जिस रूप में सामने आता है वह एक आधुनिक मनुष्य का द्वंद है. यदि प्रेम लोकमंगल के भाव को समेटे हुए नहीं है, तो फिर उसका क्या अर्थ? राजू का फलसफा कि ‘न दुख है, न सुख है/न दीन न दुनिया/ न इंसान न भगवान/ सिर्फ मैं, मैं, मैं’, आज भी सोचने को उकसाता है. 

‘नवकेतन’ (1949) की अन्य फिल्मों की तरह ही यह ‘म्यूजिकल’ है. गाइड का सौंदर्य वहीदा रहमान के इर्द-गिर्द है. भरतनाट्यम में प्रशिक्षित उनका नृत्य जिस तरह फिल्माया गया है, वैसा किसी अन्य फिल्म में दिखाई नहीं देता है. एसडी बर्मन और शैलेंद्र का गीत-संगीत भी किरदारों के मनोभावों को खूबसूरती से बयां करते हैं. ‘आज फिर जीने की तमन्ना है, आज फिर मरने का इरादा है’ महज एक गाना नहीं बल्कि इस फिल्म का सूत्र वाक्य है, जो स्त्री मन के अनेक भावों को अभिव्यक्त करता है. 'पिया तोसे नैना लागे रे' की रागात्मकता, संगीतात्मकता और शास्त्रीयता का शब्दों में बखान करना मुश्किल है. फिल्म को कई पुरस्कार मिले, लेकिन देवानंद ने अपनी आत्मकथा में लिखा है: ‘व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए सबसे बड़ा पुरस्कार यह था कि मैंने इस बोल्ड विषय को लेकर दांव लगाया और मुझे सराहना मिली.’  बॉलीवुड के परदे पर स्त्री के विविध रूप दिखाई देने लगे हैं, पर साठ के दशक में ‘गाइड’ को परदे पर उतारना क्रांतिकारी कदम था.