Showing posts with label आरआरआर. Show all posts
Showing posts with label आरआरआर. Show all posts

Sunday, March 12, 2023

ऑस्कर में भारत की दावेदारी, कितनी उम्मीद


सिनेमा जगत में ऑस्कर वाली शाम को लेकर एक बार फिर से हलचल है. 
रविवार (भारत में सोमवार की सुबह) को लॉस एंजेलिस में 95वें ऑस्कर पुरस्कारों की घोषणा होगी.

कयास लगाए जा रहे हैं कि विज्ञान आधारित फंतासी को लेकर मानवीय रिश्तों के इर्द-गिर्द बनी ‘एबसर्ड कॉमेडी ड्रामा’ ‘एवरीथिंग एवरीव्हेर आल एट वंस’ को बेस्ट फिल्म का पुरस्कार मिलेगा  या ‘ट्रेजिक कॉमेडी’ द ‘बंशीज ऑफ इनिशरिन’ को? ‘द बंशीज ऑफ इनिशरिन’ में जिस तरह से कहानी बुनी गई है  वह देखने वालों को आकर्षित करती है. इस फिल्म में रचनात्मकता को लेकर जो आत्महंता आस्था दिखाई देती है, अचंभित भी करता है. इस फिल्म में कलाकारों के अभिनय की उत्कृष्टता विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जिन्हें विभिन्न वर्गों में नामांकन मिला है.  इस फिल्म के निर्देशक मार्टिन मेकडनाह को भी ‘बेस्ट डाइरेक्टर’ के लिए नामित किया गया है. वहीं ‘एवरीथिंग एवरीव्हेर आल एट वंस’ को सबसे ज्यादा विभिन्न श्रेणियों में नामित किया गया है. इस फिल्म के निर्देशक डैनियल क्वान और डैनियल शाइनर्ट के साथ फिल्म की अभिनेत्री मिशेल योह की चर्चा है. योह को ‘बेस्ट एक्ट्रेस’ के लिए नॉमिनेशन मिला है. उल्लेखनीय है कि मलेशिया मूल की चर्चित अभिनेत्री योह पहली एशियाई अभिनेत्री है जिसे ऑस्कर के लिए नॉमिनेट किया गया है.

ऑस्कर पुरस्कारों पर बहुलता की अनदेखी करने और नस्लवाद का आरोप दशकों से लगता रहा है. पिछले वर्षों में सदस्यों में स्त्रियों और अल्पसंख्यकों की भागेदारी बढ़ी है फिर भी इनमें अधिकांश श्वेत पुरुष ही है. क्या योह इतिहास रचने में कामयाब होगी? प्रसंगवश, उन्हें इस साल बेस्ट एक्ट्रेस के लिए ‘गोल्डन ग्लोब’ पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है.

साल भर से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच प्रथम विश्व युद्ध की पृष्ठभूमि में बनी युद्ध विरोधी फिल्म ‘ऑल क्वाइट ऑन द वेस्टर्न फ्रंट’ की भी दावेदारी है. सवाल है कि क्या हम प्रथम विश्व युद्ध और द्वितीय विश्व युद्ध से कोई सबक सीख पाए हैं? यह फिल्म 'बेस्ट पिक्चर' और 'बेस्ट इंटरनेशनल फीचर' दोनों ही श्रेणी में नॉमिनेटेड है. दिग्गज निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग की आत्मकथात्मक फिल्म ‘द फेबलमैन्स’ की भी चर्चा है.

भारत में लोगों की दिलचस्पी के केंद्र में एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ का गाना ‘नाटू-नाटू’  है जिसे ‘म्यूजिक (ओरिजनल सांग)’ की श्रेणी में नामित किया गया है. इसे बेस्ट पिक्चर के अंतिम दस में नामांकन नहीं मिल पाया था, हालांकि देश-विदेश में इसे काफी सराहना मिली है.

फीचर फिल्मों से अलग भारत की दो डॉक्यूमेंट्री फिल्में ‘ऑल दैट ब्रीद्स’ और ‘द एलीफेंट व्हिस्परर्स' भी अंतिम पाँच में शामिल है. उम्मीद है कि डॉक्यूमेंट्री की श्रेणी में भारत को इस बार ऑस्कर मिलेगा. आश्चर्य है कि शौनक सेन निर्देशित डॉक्यूमेंट्री ‘ऑल दैट ब्रीद्स’ को भारत में अभी तक रिलीज नहीं किया गया है, लेकिन दुनिया भर के फिल्म समारोहों में इसने खूब सुर्खियां बटोरी है. पिछले साल इस डॉक्यूमेंट्री को कान में बेस्ट डॉक्यूमेंट्री के लिए ‘गोल्डेन आई’ पुरस्कार और सनडांस फिल्म समारोह में विश्व सिनेमा वृत्तचित्र श्रेणी में ग्रांड ज्यूरी पुरस्कार मिल चुका है. इस फिल्म में जिस तरह से बिंब और ध्वनि का इस्तेमाल किया गया है वहाँ फीचर और डॉक्यूमेंट्री को लेकर श्रेणीगत विभाजन मिट जाता है.

‘ऑल दैट ब्रीद्स’ एक साथ कई विषयों को खुद में समेटे है. दिल्ली में प्रदूषण की समस्या इसके केंद्र में है, वहीं वजीराबाद में रहने वाले दो मुस्लिम भाई (सऊद और नदीम) और उसके सहयोगी (सलीक) के सहारे यह वृत्तचित्र आगे बढ़ती है. पिछले बीस साल से आसमान से गिरते चीलों और अन्य घायल पक्षियों की देखभाल वे करते रहे हैं.  पृष्ठभूमि में नागरिकता कानून (सीएए) और दिल्ली में हुए सांप्रदायिक दंगों की अनुगूंज भी सुनाई पड़ती है. यह डॉक्यूमेंट्री फिल्म जितना मानवीय संबंधों को चित्रित करती है उतना ही पर्यावरण के साथ हमारे रिश्ते को भी. धर्म के नाम पर विभेद की राजनीति भी बहसतलब है. दिल्ली की ‘प्रदूषित हवा’ में न सिर्फ चील बल्कि इंसान भी घुट रहे हैं. यह सब मानव निर्मित है.

कुल एक घंटे छत्तीस मिनट की इस वृत्तचित्र में इंसान और आस-पास के जीव-जंतुओं के बीच जो एक ‘बिरादरी’ का भाव है वह देखने वालों के मन को छू जाता है. आत्म और अन्य का विभेद यहाँ मिट जाता है. फिल्म के शुरुआत में ही चूहे, चील, मेंढक, कुत्ते, बिल्ली, सूअर दिखाई देते हैं. चील की निरीह आँखे हमसे संवाद करती हुई प्रतीत होती है.

इसी तरह कार्तिकी गोंसाल्वेस की ‘द एलीफेंट व्हिस्परर्स’ के केंद्र में एक हाथी (रघु) है. इसके इर्द-गिर्द हाथियों की देखभाल करने वाले बोम्मन और बेली के बीच पनपते हुए रिश्ते को हम देखते हैं. असल में बेहद संवेदनशीलता के साथ चालीस मिनट की इस डॉक्यूमेंट्री में इंसान और जानवर के बीच लगाव को दिखाया गया है. साथ ही नीलगिरी का मनमोहक सौंदर्य भी यहाँ लिपटा हुआ चला आता है.

(नेटवर्क 18 हिंदी के लिए)

Sunday, January 22, 2023

'आरआरआर’ से ऑस्कर की उम्मीद


पैन नलिन की गुजराती फिल्म 'छेल्लो शो' (आखिरी शो) को मार्च में होने वाले 95वें ऑस्कर पुरस्कार के लिए भले ही शॉर्टलिस्ट किया गया हो, लेकिन सबकी नज़र एस एस राजामौली की तेलुगू फिल्म ‘आरआरआर’ पर है. भारत की ओर से ‘छेल्लो शो’ फिल्म ‘बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी’ के लिए आधिकारिक रूप से भेजी गई थी. ‘आरआरआर’ के गाने ‘नाटू-नाटू’ को ‘म्यूजिक (ओरिजनल सांग)’ की श्रेणी में शॉर्टलिस्ट किया गया है. गौरतलब है कि अभी तक किसी भी भारतीय फिल्म को ऑस्कर पुरस्कार नहीं मिल सका है, जबकि दुनिया में आज सबसे ज्यादा फीचर फिल्म भारत में ही बनती हैं.

‘आरआरआर’ एक ‘एक्शन ड्रामा’ फिल्म है जिसे इतिहास और मिथक के इर्द-गिर्द भव्य स्तर पर रचा गया है. फिल्म में अंग्रेजों से आजादी की लड़ाई को धार्मिक प्रतीकों के सहारे काल्पनिक रूप में परदे पर दिखाया गया है, जिसके केंद्र में आंध्र प्रदेश-तेलंगाना के अल्लूरी सीताराम राजू (राम चरण) और कोमाराम भीम (एनटीआर जूनियर) जैसे स्वतंत्रता सेनानी हैं. ताम-झाम और तकनीक (वीएफएक्स) कौशल के सहारे यह फिल्म हॉलीवुड की फिल्मों से होड़ लेती हुई दिखती है. असल में ‘आरआरआर’ के वितरण, प्रचार-प्रसार और ‘नेटफ्लिक्स’ प्लेटफॉर्म ने इसे देश-विदेश के एक बड़े दर्शक वर्ग तक पहुँचाया है. यही कारण है कि अमेरिका और यूरोप में भी इस फिल्म की चर्चा है. हॉलीवुड के प्रतिष्ठित फिल्मकार भी इस फिल्म की प्रशंसा कर रहे हैं, ऐसे में आश्चर्य नहीं कि लॉस एंजेलिस में फिल्म को इस हफ्ते ‘बेस्ट सांग’ और ‘बेस्ट फॉरेन फिल्म’ की श्रेणी में ‘क्रिटिक्स च्वाइस’ पुरस्कार मिला है. यह पुरस्कार हॉलीवुड के फिल्म समीक्षकों के वोट के आधार पर मिलते हैं.
ऑस्कर पुरस्कार के लिए फिल्म की गुणवत्ता एक महत्वपूर्ण पहलू हो सकती है, पर वही काफी नहीं है. पुरस्कार के लिए एक बड़े स्तर पर ‘लॉबिंग’ की जरूरत होती है. ‘आरआरआर’ जैसे बड़े बजट की फिल्म के लिए यह असंभव नहीं है और निर्माता इस काम में जुटे हुए भी हैं.
जबसे ‘नाटू-नाटू’ को लॉस एंजेलिस में सर्वश्रेष्ठ ‘ओरिजिनल सांग-मोशन पिक्चर’ श्रेणी में प्रतिष्ठित ‘गोल्डन ग्लोब’ पुरस्कार मिला है, उम्मीद की जा रही है कि अगले हफ्ते ‘आरआरआर’ को बेस्ट पिक्चर के लिए नामांकित (नॉमिनेशन) किया जा सकता है. यदि ऐसा होता है तो यह एक बड़ी उपलब्धि होगी. फिल्मी दुनिया से जुड़े अकादमी के सदस्य अपने वोट के जरिए फिल्मों को नामांकित और पुरस्कृत करते हैं.
ऑस्कर पुरस्कारों पर बहुलता की अनदेखी करने और नस्लवाद का आरोप दशकों से लगता रहा है. पिछले वर्षों में सदस्यों में स्त्रियों और अल्पसंख्यकों की भागेदारी बढ़ी है फिर भी इनमें अधिकांश श्वेत पुरुष ही है. हाल के वर्ष में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर विरोध भी दिखते रहे हैं. प्रसंगवश, ऑस्कर के इतिहास में महज पाँच ब्लैक अभिनेता को ही अब तक सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला है.
ऐसे में सवाल है कि क्या ऑस्कर इतना समावेशी है कि उनकी नज़र भारतीय भाषा में बनी एक ऐसी फिल्म पर पड़ेगी जिसे आधिकारिक रूप से नहीं भेजा गया हो? क्या अकादमी के सदस्य ‘आरआरआर’ की विषय-वस्तु और संस्कृति को लेकर संवेदनशील होंगे? क्या ‘नाटू-नाटू’ उन्हें थिरकने को मजबूर कर पाएगा?

Friday, December 30, 2022

वर्षांत 2022: दक्षिण भाषाई फिल्मों के दबदबे में रहा बॉलीवुड


साल के आखिर में खबर आई कि ऑस्कर पुरस्कार के लिए पान नलिन की गुजराती फिल्म 'छेल्लो शो' (आखिरी शो) को शॉर्टलिस्ट किया गया है. भारत की ओर से यह फिल्म ‘बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी’ के लिए आधिकारिक रूप से भेजी गई थी. साथ ही बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाने वाली एसएस राजामौली की ‘आरआरआर’ (तेलुगु) के गाने ‘नाटू-नाटू’ को भी ‘म्यूजिक (ओरिजनल सांग)’ की कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट किया गया.

नए वर्ष में ऑस्कर पुरस्कार का परिणाम चाहे जो हो, तय है कि वर्ष 2022 में भारतीय सिनेमा में क्षेत्रीय भाषाओं में बनी फिल्मों का दबदबा रहा. एक आंकड़ा के मुताबिक कोरोना महामारी के दो साल के बाद भारतीय सिनेमा ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 11 हजार करोड़ का कारोबार किया. यहाँ भी हिंदी फिल्मों पर दक्षिण भारतीय भाषाओं में बनी फिल्मों की बढ़त दिखी. न सिर्फ ‘आरआरआर’ बल्कि कन्नड़ भाषा में बनी ‘केजीएफ 2’ और ‘कांतारा’ ने भी सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए. मणि रत्नम की ‘पोन्नियन सेल्वन (पीएस-1)’ (तमिल) के प्रति भी लोगों में उत्सुकता रही. इन फिल्मों की विषय-वस्तु और परदे पर फिल्मांकन में पर्याप्त भिन्नता है.
‘छेल्लो शो’ सौराष्ट्र के एक बच्चे की सिनेमा के प्रति दुर्निवार आकर्षण को केंद्र में रखती है. यह एक आत्मकथात्मक फिल्म है, वहीं ‘कांतारा’ एक ऐसी दंत कथा है जिसमें दक्षिण कर्नाटक के तटीय इलाकों की स्थानीय लोक-संस्कृति, परंपरा, आस्था-विश्वास, रीति-रिवाज, धार्मिक मान्यताओं और मिथक को कहानी के साथ खूबसूरती से पिरोया गया है. आरआरआर (आजादी के आंदोलन) और पीएस-1 (चोल राजवंश) इतिहास को कथा का आधार बनाती है. ‘एक्शन ड्रामा’ इन फिल्मों के केंद्र में है. बड़े बजट की इन फिल्मों में ताम-झाम, रंग-रभस, भव्यता को जिस कौशल से बुना गया वह दर्शकों को सिनेमाहॉल में खींच लाने में कामयाब रहा. देश की बदलती सामाजिक और राजनीतिक परिस्थिति, संचार के साधनों का विस्तार, वितरण की रणनीति का भी इन फिल्मों की सफलता में योगदान रहा है. बॉलीवुड की पापुलर फिल्मों के फ्रेमवर्क में ही ये सारी फिल्में आती है. यहाँ विचार-विमर्श के बदले तकनीक हावी है. प्रसंगवश, कन्नड़ में समांतर सिनेमा का गौरवपूर्ण इतिहास रहा है, जिसकी आज चर्चा नहीं होती.
बहुसंख्यकवाद और हिंदुत्ववादी राजनीति की चहलकदमी इन फिल्मों में दिखाई दी. इस प्रसंग में बॉक्स ऑफिस पर खूब सफल रही विवेक अग्निहोत्री निर्देशित ‘ द कश्मीर फाइल्स’ की चर्चा जरूरी है. भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल (आईएफएफआई) के ज्यूरी प्रमुख, चर्चित फिल्मकार नादव लैपिड के द्वारा इस फिल्म को ‘अश्लील और प्रोपेगेंडा’ बताने से काफी विवाद हुआ, लेकिन फिल्म देखने वाले किसी भी सहृदय दर्शक और समीक्षक से यह बात छिपी नहीं थी कि फिल्मकार की मंशा सिनेमा के माध्यम से सत्य तलाशने की नहीं थी. एक बातचीत में चर्चित फिल्म निर्देशक श्याम बेनेगल ने मुझे कहा था कि ‘एक फिल्मकार के रूप में इतिहास के प्रति आपकी एक जिम्मेदारी होती है. जिस फिल्म में जितना प्रोपगेंडा होगा, उसका महत्व उतना ही कम होगा. फिल्म का इस्तेमाल प्रोपगेंडा के लिए भी होता है, पर ऐतिहासिक फिल्मों को बनाते हुए वस्तुनिष्ठता का ध्यान रखना जरूरी है. बिना वस्तुनिष्ठता के यह प्रोपगेंडा हो जाती है.’ दुनिया में सबसे ज्यादा फिल्में (करीब दो हजार) हिंदुस्तान में बनती है और इसे सांस्कृतिक शक्ति (सॉफ्ट पावर) के रूप में स्वीकार किया जाता है. लोकतांत्रिक भारत की सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियाँ भी चाहे-अनचाहे फिल्मों में अभिव्यक्ति होती हैं.
बहरहाल, हिंदी फिल्मों की बात करें तो बड़े-बड़े स्टार भी कोई खास करिश्मा नहीं दिखा पाए. रणबीर कपूर की ‘शमशेरा’, अक्षय कुमार की ‘रक्षाबंधन’ और ‘सम्राट पृथ्वीराज’, रणवीर सिंह की ‘जयेशभाई जोरदार’ और ‘सर्कस’, कंगना रनौत की ‘धाकड़’ आदि फिल्में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाने में असफल रही. आर्थिक बदहाली भी एक कारण है. ऐसे में बॉलीवुड पर काफी दबाव रहा. जाहिर है बॉलीवुड को नए विचारों, कहानियों की सख्त जरूरत है, जो दर्शकों के बदलते मिजाज के साथ तालमेल बना कर चल सके, पर डर है कि कहीं यह रास्ता दक्षिण भारतीय फिल्मों की ओर न ले जाए! पिछले दो दशक में हिंदी सिनेमा ने पापुलर और पैरलल के बीच का एक रास्ता अख्तियार कर कई बेहतरीन फिल्में दी और सही मायनों में आगे की दिशा का निर्धारण यहीं से होगा, न की घिसी-पिटी मसाला फिल्मों से.
बॉलीवुड के प्रमुख निर्देशक संजय लीला भंसाली ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ लेकर आए. एक ‘सेक्स वर्कर’ की भूमिका में आलिया भट्ट ने अपने अभिनय से सबको प्रभावित किया. इसी क्रम में आमिर खान की ‘लाल सिंह चढ्ढा’ और रणबीर कपूर की ‘ब्रह्माशस्त्र’ की चर्चा जरूरी है, जिसने ठीक-ठाक व्यवसाय भले किया हो कुछ नया गढ़ने में नाकाम रही. सिनेमा निर्माण की दृष्टि से नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई ‘डार्लिंग्स (डार्क कॉमेडी, निर्देशक जसमीत के रीन)’ और ‘मोनिका ओ माय डार्लिंग (मर्डर मिस्ट्री, निर्देशक वासन बाला)’ बेहतरीन थी जिसकी चर्चा कम हुई. इन दोनों फिल्मों के निर्देशक और अभिनेता (आलिया भट्ट, विजय वर्मा, शेफाली शाह, राजकुमार राव) से नए साल में भी काफी उम्मीद रहेगी.
हिंदी फिल्मों के प्रति एक खास तबके में नकारात्मक भाव भी दिखाई दिया. मनोरंजन के साथ कोई दर्शक किस रूप में सिनेमा को ग्रहण करता है वह उसकी रूचि और सामाजिक स्थिति पर निर्भर करता है. एक खास विचारधारा के तहत सिनेमा को देखने-परखने पर रसास्वादन में बाधा पहुँचती है. आए दिन हिंदी फिल्मों को लेकर सोशल मीडिया पर ‘बॉयकॉट’ की ध्वनि सुनाई देती है वह कला और सिनेमा व्यवसाय दोनों के लिए चिंताजनक है. भूलना नहीं चाहिए कि सिनेमा उद्योग लाखों लोगों के लिए रोजगार का जरिया है जो भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है.
पापुलर से अलग पिछले कुछ सालों में जिन फिल्मों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में पसंद किया गया उनमें स्वतंत्र फिल्मकारों की फिल्में ही रही. बजट के अभाव में इस प्रयोगधर्मी फिल्मों का प्रचार नहीं हो पाता, न हीं सिनेमाघरों में ये फिल्में रिलीज हो पाती है. ओटीटी प्लेटफॉर्म और फिल्म समारोह इनके लिए मुफीद हैं. कान फिल्म समारोह में भारत को ‘कंट्री ऑफ ऑनर’ के रूप में शामिल किया गया था. समारोह के फिल्म बाजार में ‘गामक घर’ फिल्म से चर्चित हुए अचल मिश्र की मैथिली फिल्म ‘धुइन (धुंध)’ दिखाई गई.
जहाँ ‘गामक घर’ में निर्देशक का पैतृक घर था, वहीं यह पूरी फिल्म दरभंगा में अवस्थित है. दरभंगा को मिथिला का सांस्कृतिक केंद्र कहा जाता है, पर कलाकारों की बदहाली, बेरोजगारी इस सिनेमा में मुखर है. ‘गामक घर’ की तरह ही इस फिल्म के सिनेमैटोग्राफी में एक सादगी है, जो ईरानी सिनेमा की याद दिलाता है. इन फिल्मों की सफलता ने मैथिली सिनेमा में एक युग की शुरुआत की है. इसी क्रम में प्रतीक शर्मा की ‘लोट्स ब्लूमस’ ने आईएफएफआई में शामिल होकर सुर्खियां बटोरी. अंत में, ऑस्कर में दो डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘ऑल दैट ब्रिद्स (शौनक सेन)’ और द एलीफेंट व्हिस्परर्स' (कार्तिकी गोंसाल्वेस) भी शॉर्टलिस्ट हुई है. आने वाले साल में फीचर के अलावे वृत्तचित्र पर भी लोगों की नजर रहेगी.